पिथौरागढ़ जिले ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में शनिवार को उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब मेले की अध्यक्षता कर रहे धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी अचानक गुस्से में आ गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मंच पर ही सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘कायर धामी’ तक कह डाला। इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री को धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती भी दे दी।
दरअसल, विधायक हरीश धामी का आरोप है कि जौलजीबी मेले में उन्हें अध्यक्षता तो सौंपी गई, लेकिन अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। माइक बंद किए जाने और बोलने से रोके जाने से नाराज विधायक ने मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उनके समर्थक भी आक्रोशित हो गए और कार्यक्रम स्थल पर जमकर हंगामा हुआ। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी स्थिति संभालने की कोशिश की।
इस दौरान हरीश धामी ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी उन्हें आदेश दे तो वह किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हरा सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि जनता की ताकत से उन्हें चुनाव में जवाब दिया जाएगा।








