देहरादून, 2 अप्रैल: उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में अब तक 90% से अधिक सुरंग मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस परियोजना की प्रगति को लेकर उच्च सदन में सवाल उठाया, जिसके जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी।
रेल परियोजना की प्रगति
125 किमी लंबी इस परियोजना का मार्ग देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों से होकर गुजरता है। इससे धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।
परियोजना में 16 मुख्य सुरंगों (105 किमी) और 12 बचाव सुरंगों (98 किमी) का निर्माण प्रस्तावित है।
अब तक 94 किमी लंबी 9 मुख्य सुरंगें और 88 किमी लंबी 8 बचाव सुरंगों का निर्माण पूरा हो चुका है।
निर्माण कार्य की रफ्तार बढ़ाने के लिए 8 अतिरिक्त प्रवेश मार्ग भी बनाए गए हैं।
श्यामपुर बैली ब्रिज का कार्य पूर्ण
सांसद महेंद्र भट्ट ने ऋषिकेश के श्यामपुर में बैली ब्रिज निर्माण को लेकर भी सवाल किया। इस पर सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (नई NH-34) पर 24 मीटर स्पैन वाले बैली ब्रिज का निर्माण 429.19 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जा चुका है।
उत्तराखंड में राजमार्गों का विस्तार
सड़क परिवहन मंत्रालय के अनुसार, उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 में 2,282 किमी थी, जो अब बढ़कर 3,664 किमी हो गई है। इससे राज्य में सड़क कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है।







