रुड़की के धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कॉलेज परिसर की शौचालय का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय शौचालय में मौजूद एक पीएसी जवान मलबे में दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही एसपी देहात अभय प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जवान को बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाकर जवान को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद जवान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कॉलेज परिसर में मौजूद अन्य पीएसी जवानों में भी हलचल मच गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। फिलहाल शौचालय का हिस्सा किस वजह से गिरा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी देहात ने बताया कि जवान को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है।







