देहरादून। रायवाला क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतका की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने मृतका की बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को शहीद भगत सिंह कॉलोनी, लाइनपार मोतीचूर रायवाला स्थित किराये के मकान में खजानी देवी का शव बाथरूम में मिला था। घटना के समय मकान के गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। मृतका के बेटे की तहरीर पर रायवाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह टीमों का गठन कर जांच शुरू की। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतका और उसकी बेटी के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद की जानकारी मिली। साथ ही घटना से पहले मृतका के घर के आसपास बेटी के परिचित शिवनारायण पांडे की मौजूदगी भी सामने आई।
पुलिस ने शिवनारायण की तलाश शुरू की। घटना के बाद उसका मोबाइल बंद मिला। पुलिस टीमों ने रायवाला, हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 500 होटल, धर्मशालाओं तथा अन्य स्थानों पर तलाश की। पुलिस को सूचना मिली कि शिवनारायण हरिद्वार के शांति कुंज में छिपा हुआ है। इसके बाद 25 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में शिवनारायण ने कथित तौर पर बताया कि उसकी मुलाकात शिल्पा से मार्च 2026 में हरिद्वार के एक होटल में हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। शिल्पा ने उसे बताया था कि उसकी मां के नाम पुश्तैनी जमीन है, जिसे मां और भाई बेच रहे हैं, लेकिन उसे हिस्सा नहीं दिया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शिल्पा ने शिवनारायण को यह भी बताया था कि खजानी देवी उसकी सौतेली मां है। इसके बाद शिल्पा ने कथित तौर पर अपनी मां को रास्ते से हटाने और जमीन में हिस्सा मिलने के बाद उसे बेचकर साथ में गृहस्थी बसाने का लालच दिया।
जांच के अनुसार, 21 सितंबर को शिवनारायण खजानी देवी के घर पहुंचा और कथित तौर पर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर पर बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी उसने शिल्पा को दी और उसके कहने पर शांति कुंज में जाकर छिप गया।
शिवनारायण से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 26 सितंबर को शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शिल्पा का पहले पति से तलाक हो चुका है और दूसरे विवाह के बाद किसी अन्य व्यक्ति से उसके संबंधों को लेकर उसकी मां से विवाद हुआ था। वहीं, शिवनारायण पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू, उम्र 39 वर्ष, निवासी भगवानपुर, हरिद्वार
शिल्पा थापा, उम्र 36 वर्ष, निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, रायवाला
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





